संपादक कालूराम कुमावत।
मंदसौर में अज्ञात व्यक्ति ने एक 70 साल की महिला की हत्या कर दी। हमलावर उसके घर में रखी 7 किलो अफीम लेकर फरार हो गया। अफीम की कीमत 14 लाख रुपए बताई जा रही है। घटना पिपलिया मंडी थाना क्षेत्र के लसूड़िया गांव की है। गुरुवार सुबह सूचना के बाद एसपी अनुराग सुजानिया, एएसपी गौतम सोलंकी, एसडीओपी नरेंद्र सोलंकी, टीआई नीरज सारवान, चौकी प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय मौके पर पहुंचे। पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉयड जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार महिला का नाम चंद्र कुंवर है। उसके नाम 10 आरी (करीब आधा बीघा) जमीन में अफीम पट्टा है, जिसे उसने गांव के प्रहलाद प्रजापत को बटाई में दिया था। महिला अपने दो बेटों बलवंत सिंह और महेंद्र सिंह के साथ राजस्थान के निम्बाहेड़ा में रहती है। दोनों बेटे जेके सीमेंट फैक्ट्री में काम करते हैं। सूत्रों के मुताबिक महिला की हत्या में किसी करीबी व्यक्ति का हाथ हो सकता है। महिला डेढ़ महीने पहले ही गांव आई थी। वह अकेली रहती थी। अफीम की खेती के लिए आई थी महिला। चंद्र कुंवर अफीम के सीजन में लसूड़िया में रहकर बटाईदार के साथ खेती करने आई थी। बटाईदार प्रहलाद प्रजापत गुरुवार सुबह महिला को गोदाम की तारीख बताने आया, तो उसने घर का दरवाजा खोला। उसे शंका हुई तो अंदर झांककर देखा। अंदर फर्श पर महिला मृत पड़ी थी। इसके बाद प्रहलाद ने पुलिस को सूचना दी। एएसपी गौतम सोलंकी के अनुसार, महिला की लाश फर्श पर पड़ी हुई थी। महिला का गला धारदार हथियार से रेता गया है। शरीर पर चोट के निशान भी हैं। बता दें, लोकल ब्लैक मार्केट में 1kg अफीम की कीमत 2 लाख रुपए प्रति किलो है। पुलिस भी एनडीपीएस केस इसी कीमत के आधार पर दर्शाती है।
















