रिपोर्टर रामेश्वर लाल जाट। 
राजधानी जयपुर के कांवटिया हॉस्पिटल में बुधवार को एक शर्मसार करने वाली घटना देखने को मिली। इस घटना ने सरकारी अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खोलकर रख दी। दरअसल, अस्पताल प्रशासन के सुध नहीं लेने से एक गर्भवती महिला की हॉस्पिटल के बाहर चबूतरे पर ही डिलीवरी हो गई। घटना की सूचना मिलने के कुछ देर बाद हॉस्पिटल प्रशासन और स्टाफ वहां पहुंचा। इसके बाद प्रसूता और नवजात को हॉस्पिटल में भर्ती किया। इस घटना के बाद देर रात स्थानीय विधायक गोपाल शर्मा भी मौके पर पहुंचे और प्रसूता के हाल-चाल जाने और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। महिला के अस्पताल के बाहर बेटी को जन्म देने के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया और फिर जच्चा-बच्चा को वार्ड में एडमिट किया। महिला के अस्पताल के बाहर बेटी को जन्म देने के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया और फिर जच्चा-बच्चा को वार्ड में एडमिट किया। जानकारी के अनुसार अशोक वर्मा अपनी पत्नी नीलम को प्रसव पीड़ा होने पर बुधवार शाम करीब 6 कांवटिया अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां डॉक्टरों ने गर्भवती महिला को देखा और उसे जनाना अस्पताल रेफर कर दिया। महिला को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने कांवटिया हॉस्पिटल में ही भर्ती करने की बात कही तो डॉक्टरों और स्टाफ के साथ उनकी बहस हो गई। बहस होने पर हॉस्पिटल स्टाफ ने प्रसूता और उसके परिजनों को वहां से चले जाने के लिए कह दिया। इस दौरान हॉस्पिटल प्रशासन ने महिला को न तो एंबुलेंस उपलब्ध करवाई और न ही कोई सहायता की। परिजन गर्भवती महिला को लेकर हॉस्पिटल से बाहर निकले तभी उसको तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। इस पर परिजनों ने उसे कांवटिया अस्पताल के बाहर एक चबूतरे पर लेटा दिया, जहां महिला ने बच्ची को जन्म दिया। इस पूरी घटना के बाद परिजनों ने हंगामा किया तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। हंगामा बढ़ता देख हॉस्पिटल प्रशासन और स्टाफ मौके पर पहुंचा और जच्चा-बच्चा को लेकर हॉस्पिटल में भर्ती किया। मामला बढ़ता देख अब हॉस्पिटल प्रशासन इसे दबाने में जुट गया। देर रात विधायक पहुंचे हॉस्पिटल। घटना की सूचना मिलने के बाद देर रात करीब 10 बजे सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने हॉस्पिटल अधीक्षक राजेन्द्र तंवर से मुलाकात की और उन्हें इस तरह की घटना पर फटकार लगाई। शर्मा ने भर्ती महिला का हाल-चाल जाना और उनके परिजनों को आश्वस्त किया कि उन्हें इलाज में किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इधर, मेडिकल डिपार्टमेंट की एसीएस शुभ्रा सिंह ने मौके पर अधिकारियों की टीम को भेजकर मामले को दिखाने और उसकी जांच करवाने के निर्देश दिए। हॉस्पिटल में है डिलीवरी की व्यवस्था। कांवटिया हॉस्पिटल में गर्भवती महिलाओं के प्रसव की व्यवस्था है। इसके लिए यहां ऑपरेशन थिएटर के साथ पर्याप्त संसाधन, डॉक्टर्स और नर्सिंग स्टाफ मौजूद है। इसके बावजूद महिला को भर्ती न करके रेफर करने की प्रक्रिया ने हॉस्पिटल प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए।
















