अंतिम संस्कार का इंतजार,मुर्दाघर के बाहर रात गुजार रहा 10 साल का मासूम, कोई रिश्तेदार फोन नहीं उठा रहा।

रिपोर्टर रामेश्वर लाल जाट। अलवर ‘मांने आखिरी समय में पानी मांगा था, पानी भी पिला दिया। फिर वो सो गई। मैंने उसे जगाया… वो नहीं जगी। मेरी आंखों के सामने मेरी मां ने दम तोड़ दिया। मां गई। मां… चली गई। अब वो नहीं आएगी। मुझे छोड़कर चली गई। इतना कहते-कहते 10 साल का रोहित फफक पड़ता है। उसकी आंखों से मां के बिछड़ने का दर्द किसी झरने की माफिक बहने लगता है। वह आगे कुछ बोल नहीं पाता। आज उसके आसपास कोई आंसू पोंछने वाला भी नहीं है। असहाय, अकेला यह मासूम मुर्दाघर (मॉर्च्युरी) के बाहर बैठा है। अलवर के डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर इस मासूम को देखकर हर आंख नम हो रही है। पिछले 3 दिन से वो इसी मॉर्च्युरी के बाहर डेरा जमाए हुए है। उसकी मां की लाश अंदर पड़ी है। उसे अपनी मां के अंतिम संस्कार करने वाले का इंतजार है। अफसोस.. वह इंतजार खत्म नहीं हो रहा। मैं (रोहित) अलवर के मूंगस्का का रहने वाला हूं। मूंगस्का से पहले बगीची के मोहल्ले में रहते थे। मेरी मां का नाम प्रेम देवी (44) था। वह कैंसर से पीड़ित थी। 17 अप्रैल को अलवर के सरकारी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। छह दिन पहले उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। मेरा इस दुनिया में बड़े भाई के अलावा कोई नहीं है। वह खैरथल में मजदूरी करता है। उसको कई बार फोन लगाया। पर वह फोन नहीं उठा रहा है। पिता जी की बहुत पहले ही मौत हो गई थी। अब कोई फोन नहीं उठा रहा है। ननिहाल में भी कोई नहीं है। मैं किसी हॉस्टल नहीं जाऊंगा। कोई मुझे अपने साथ ले जाएगा, उसके साथ चला जाऊंगा, पर हॉस्टल नहीं जाऊंगा। 17 अप्रैल को मां ने पानी पीया। उसके बाद निढाल हो गई। मैं दौड़कर डॉक्टर के पास गया। डॉक्टर ने आकर चेक किया और बिना कुछ बोले ही चले गए। तभी आस-पास में भर्ती मरीजों के परिजन मुझे दिलासा देने लगे। मैं कुछ समझ नहीं पा रहा था। मेरी मां को हुआ क्या है? थोड़ी देर में डॉक्टर साहब वापस आए। मां को ले जाने लगे, तब पता चला मां नहीं रही। मैं मूंगस्का के ही सरकारी स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ता था। मां बीमार थी तो छुट्टी लेकर उसकी देखभाल कर रहा था। बड़ा भाई तो फोन भी नहीं उठा रहा। छुट्टियां ज्यादा हो गईं तो स्कूल वालों ने मेरा नाम काट दिया था।  बगल के मरीज के परिजनों के साथ रहने को मैं राजी हूं। कुछ दिन मां के इलाज के दौरान आसपास के मरीज के एक परिजन के साथ काफी समय मैंने बिताया है। अब मैं उनके साथ ही जाना चाहता हूं। पुलिस चौकी के कॉन्स्टेबल सुनील कुमार कहते हैं- 17 अप्रैल को प्रेम देवी की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। रोहित उनकी सेवा करने में लगा था। अब मां की मौत के बाद यह अकेला रह गया है। इसका दूसरे मरीज के परिजन व पुलिस ही ख्याल रख रही है। सही तो यही है कि उसके कोई भी निकट के रिश्तेदार व परिवार के लोग आएं तो शव सुपुर्द किया जाए। अब यह बालक अस्पताल में अकेला है। वार्ड में बगल के मरीज के परिजनों के पास समय पास करता है। जब कोई मां के बारे में पूछता है तो उसकी आंखों से आंसू निकलने लगते हैं। भजेड़ा गांव की सोमा का इलाज भी जिला अस्पताल में चल रहा है। उसकी जेठानी ने बताया कि ये बालक अब हमारे साथ ही रहता है। वहीं सो जाता है। अब हमारे साथ ही जाने की जिद करता है। वह कहीं किसी के साथ नहीं जाना चाहता है। उसका अपना कोई नहीं आया है।