रिपोर्टर मधुसूदन कुमावत। 
कपासन। कपासन नगर में सर्राफा व्यापारियों की दुकानों पर लाखों रुपए के सोने के आभूषण चोरी की घटनाओं को लेकर सर्राफा एसोसिएशन की ओर से शुक्रवार को पुलिस उपाधीक्षक को ज्ञापन दिया गया। सर्राफा एसोसिएशन कपासन की ओर से पुलिस उपाधीक्षक कपासन अनिल सारण को महानिरीक्षक रेंज उदयपुर तथा जिला पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ के नाम दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि गुरुवार दोपहर पांच बत्ती चौराहा कपासन पर स्थित शीतल ज्वैलर्स से अज्ञात युवती एवं एक व्यक्ति तेरह लाख रुपए कीमती सोने के आभूषण का डिब्बा चोरी कर ले गए। इससे पूर्व भी 29 दिसंबर 2023 को प्रजापत मार्केट कपासन में स्थित सांवरिया ज्वैलर्स से अज्ञात व्यक्ति ढ़ाई लाख रुपए कीमती सोने का बाजूबंद चोरी कर ले गए थे जिनका अभी तक कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है। सर्राफा व्यवसायियों की दुकानों पर चोरी की हो रही घटनाओं से सर्राफा व्यापारियों में रोष व्याप्त है। ज्ञापन में सर्राफा व्यापारियों की दुकानों पर हुई चोरी की घटनाओं का शीघ्र राजफाश करा पीड़ित व्यापारियों को चोरी गया माल बरामद करा राहत दिलाने की मांग की गई है। इस पर पुलिस उपाधीक्षक अनिल सारण ने गुरुवार को हुई चोरी की घटना का शीघ्र राजफाश करने का आश्वासन दिया है। ज्ञापन देने के दौरान सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष लालचंद सोनी, सचिव मुकेश काबरा, राजीव सोनी, भगवतीलाल सोनी, विष्णु सोनी, अनिल जागेटिया, मनोहर सोनी, मुकेश सिरोया,मंयक सोनी आदि सदस्य उपस्थित थे
















