पानी के लिए वकील ने किया सुसाइड:बेटी को कमरे में फंदे पर लटका मिला, पड़ोसियों ने जलदाय विभाग के अधिकारियों पर लगाया आरोप।

संपादक कालूराम कुमावत। 

पानी की समस्या से परेशान वकील ने सुसाइड कर लिया। वह आज सुबह करीब करीब साढ़े आठ बजे अपने कमरे में फंदे पर लटके मिले। सबसे पहले बेटी ने पिता को लटका देखा। इसके बाद पुलिस और पड़ोसियों को बुलाया गया। मामला अलवर शहर का है। कोतवाली के ASI सुनील कुमार ने बताया कि भैरू सिंह चबूतरे निवासी वकील मोहनलाल सैनी (78) ने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। उनकी बेटी आरती ने मौत का कारण पानी बताया है। उनके एक बेटा है। वह डाक विभाग में नौकरी करता है। उसकी पोस्टिंग भाेपाल (MP) में है। वकील मोहनलाल 78 साल के थे और पानी के संकट से परेशान हो चुके थे। वकील मोहनलाल अपनी छोटी बेटी आरती और पत्नी शशिबाला के साथ रहते थे। पत्नी चलने-फिरने में असमर्थ है। इस कारण वकील को ही घर से पानी के लिए करीब 350 मीटर दूर पुरुषार्थी धर्मशाला जाना पड़ता था। वहां एक-एक बाल्टी पानी के लिए एक घंटे से ज्यादा इंतजार करना पड़ता था। इस कारण वह परेशान हो गए थे। घर में पानी की सप्लाई नहीं आ रही थी। ज्यादा उम्र के कारण दूर तक जाने में असमर्थ होने लगे थे।सुबह फंदे पर लटके मिले। वकील की बेटी आरती सैनी ने बताया- उसके पिता डेढ़ महीने से पानी की समस्या से परेशान थे। उन्हें घर काफी दूर जाकर बोरवेल से पानी लाना पड़ता था। वे मंगलवार रात को सो गए थे। आज सुबह करीब साढ़े आठ बजे उनके कमरे में देखा तो फंदे पर लटके मिले। पड़ोसी से पूछा था- पानी आया या नहीं। घटना के दिन बुधवार सुबह करीब 5 बजे वकील उठे। उन्होंने अपने पड़ोसी हरिओम से जाकर पूछा कि पानी आया या नहीं। हरिओम ने कहा कि कई बार मोटर चला ली। पानी नहीं आया। मोहन लाल (मृतक) ने कहा कि बहुत परेशान हो गए। क्या करें। बाद में 8 बजे के आस-पास बेटी उठी। उसने देखा तो पिता फंदे से लटके हुए थे। वकील के दामाद खोहर मोहल्ला निवासी बाबूलाल ने बताया कि पानी के लिए परेशान थे। कई बार उनको भी पानी के लिए इधर-उधर फोन करने पड़े हैं, लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। वकील के शव को अलवर के जिला हॉस्पिटल में रखवाया गया है। पड़ोसी बोले- पानी के कारण ही किया सुसाइड। पड़ोसी रामकिशोर गुर्जर ने बताया- यह सही है कि मोहन लाल पानी नहीं आने से बहुत परेशान रहते थे। वे कई बार हमारे घर से पानी लेकर जाते थे। कई बार दूर से पानी लाना पड़ता था। आस-पास के घरों से भी कई बार पानी लेकर जाते थे। हमारी गली में जेईएन ने गड़बड़ी कर वॉल्ब को बंद कर दिया है। इस कारण करीब डेढ़ महीने से पानी की सप्लाई नहीं हो रही। कलेक्टर, एसई, एक्सईएन को लिखित शिकायत। पड़ोसी हरिओम ने बताया कि मोहन लाल ने कलेक्टर, पीएचईडी के एसई, एक्सईएन, जेईएन को लिखित में शिकायत दी थी। फिर भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। जेईएन ने अपने किसी परिचित को पानी ज्यादा देने के चक्कर में वॉल्ब दूर लगा दिया, जिसके कारण आगे पानी आना कम हो गया। ओसवाल स्कूल की तरफ पानी ज्यादा जाने लग गया, जिसकी शिकायत एसई , एक्सईएन और एईएन को भी की थी। एईएन राजेश कुमार ने बताया कि देखिए, पानी की सप्लाई तो हो रही थी। यह हो सकता हो कि पानी कम आया हो। बाकी पानी के लिए कोई सुसाइड कैसे कर सकता है।