11 हज़ार केवी हाई टेंशन लाइन से मां बेटे झुलसे, कॉलोनी काटने वाले ओवनर एवं विद्युत विभाग के खिलाफ मामला दर्ज।

रिपोर्टर सुरेश नायक। निम्बाहेड़ा 07 जुलाई। शहर में एक बार फिर 11 हज़ार केवी लाइन ने अपनी चपेट में लेकर मां और बेटे दोनो को गंभीर घायल कर दिया है, घटना शनिवार सांय करीब 7 बजे की है। जानकारी के अनुसार शहर के छोटी सादड़ी मार्ग स्थित महावीर कॉलोनी गैस गोदाम के पास रहवासियों के घरों के पास से होकर 11 हजार केवी लाइन गुजर रही है।बच्चे घर की छत पर खेल रहे थे इसी दौरान मोहम्मद अरकान पिता मोइनुद्दीन लोहार उम्र 9 वर्ष झुलस गया, बच्चे की चीख सुनकर तुरंत उसकी मां सूफिया पत्नी मोइनुद्दीन लोहार उम्र 30 वर्ष पहुंची और बच्चे को छुड़वाने लगी जिससे वह भी झुलस गई। घटना में मां सूफिया और बेटा अरकान गंभीर घायल हो गए, इस दौरान उनके घर पर बच्चें के पिता या परिवार का कोई अन्य पुरुष नहीं था जो बच्चो को अस्पताल पहुंचा सके, परंतु बच्चे और मां की चीख सुनकर घर के पड़ोस में रहने वाली एक महिला फरजाना कुरैशी ने शोर मचाया तो पड़ोसी मोहसिन खान द्वारा घायल पड़े बच्चे को छत पर पहुंच गोद में उठाया और निजी वाहन की सहायता से जिला चिकित्सालय पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉ. लोकेश कुमार मीणा ने घायलों का प्राथमिक उपचार कर आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस के एएसआई उदयलाल एवं हैड कांस्टेबल लेहरीलाल हॉस्पिटल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। बच्चें के पिता की और से कोतवाली थाना में कॉलोनी काटने वाले प्रॉपर्टी ओवनर एवं विद्युत विभाग के खिलाफ मामला कराया गया है। रिपोर्ट के अनुसार उक्त 11 हज़ार केवी लाइन पूर्व में घर के पीछे दूर खाली पड़े प्लॉट से होकर गुजर रही थी, परंतु प्रॉपर्टी ओवनर के वह प्लाट विक्रय नहीं हो पा रहे थे इसी के चलते प्रॉपर्टी ओवनर ने कुछ समय पहले विद्युत विभाग के अधिकारियों से मिलीभगत करके अपने निजी फायदे के लिए लाइन खाली पड़े प्लाट से हटवाकर घरों के पास डलवा दी, जिससे यह दुर्घटना घटित हो गई, उक्त जानलेवा घटना का ज़िम्मेदार कोन है। वहीं सोश्यल मीडिया पर मां बेटे के 11 हज़ार केवी लाइन से झुलसने की ख़बर प्रसारित होने के बाद भी विद्युत विभाग के किसी अधिकारी या कर्मचारी ने मौके पर पहुंच कर कोई जानकारी नहीं ली।