चोरों के हौसले बुलंद, आंखों के सामने ले गया बाइक।

रिपोर्टर सुरेश नायक।

चित्तौड़गढ़ शहर में बाइक चोरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहां लगातार एक के बाद एक बाइक चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि ये घटनाएं सिर्फ FIR दर्ज होने तक ही सीमित होकर रह गई हैं। चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि मालिक के सामने ही बाइक चोरी कर भाग रहे हैं। इसके अलावा पार्किंग एरिया से भी बाइक चोरी हो रही हैं। सिर्फ चार दिनों में कोतवाली और सदर थाने में चार मामले दर्ज हो चुके हैं। चोरों के हौसले बुलंद, आंखों के सामने ले गया बाइक। सुखवाड़ा, भदेसर निवासी शंभू लाल कुम्हार नाम से थाना कोतवाली में एक मामला दर्ज हुआ है। रिपोर्ट में बताया कि वह अपने गांव से बाइक से चित्तौड़गढ़ आया था। महाराणा प्रताप सेतु मार्ग पर स्थित पर्ल हॉस्पिटल के सामने किसी का फोन आ गया। फोन अटेंड करने के लिए उसने गाड़ी को रोड किनारे लगाकर बात करने लगा। बात करते-करते ही वह आगे टॉयलेट के लिए जाने लगा। इस दौरान पीड़ित ने गलती से अपनी चाबी बाइक पर ही लगी रहने दी। टॉयलेट से वापस आ रहा था तो देखा कि एक युवक बाइक सेल्फ स्टार्ट करके ले गया। शंभू लाल ने दौड़कर उसे पकड़ने की कोशिश की। लेकिन युवक तेज रफ्तार से बाइक भगा ले गया। यह घटना 15 फरवरी की है, लेकिन मामला 1 मार्च को थाना कोतवाली में दर्ज किया गया। रिश्तेदार के मिलने पर बाइक छोड़ गए थे चाय पीने। ऐसे ही थाना कोतवाली में ही एक मामला दर्ज किया गया। कपासन निवासी प्रकाश जाट ने बताया कि वह अपने बाइक पर सिटी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरने गए थे। शाम के करीब 6:30 बजे अचानक उनके रिश्तेदार मिल गए। वह अपने रिश्तेदार के साथ पास की एक होटल में चाय पानी पीने गए चले गए। इसलिए मोटरसाइकिल को श्मशान के गेट के सामने ही खड़ी कर दी थी। आधे घंटे बाद जब वापस आए तो बाइक नहीं मिली। प्रकाश जाट ने बताया कि वे नर्सिंग का कोर्स करने के लिए यहां चित्तौड़गढ़ रहते हैं। यह घटना भी 26 फरवरी की है। इसका मामला भी 4 मार्च को दर्ज किया गया। कोर्ट परिसर से ही गायब हुई बाइक। चित्तौड़गढ़ के सदर थाना क्षेत्र में भी मामला दर्ज किया गया। गांधीनगर निवासी कमलेश सुखवाल ने बताया कि वह एक एडवोकेट है और नए कोर्ट परिसर में प्रैक्टिस करने जाते हैं। उन्होंने अपनी गाड़ी को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर खड़ी की थी। लंच के बाद से 4 बजे तक अपने न्यायिक कार्यों में बिजी रहे। घर जाने के लिए जैसे ही 4 बजे बाद वह अपने मोटरसाइकिल के पास पहुंचे तो वहां मोटरसाइकिल नहीं मिली। उन्होंने अपने रिपोर्ट में इस बात का भी जिक्र किया है कि कोर्ट परिसर में आए दिन बाइक चोरी हो रही हैं। यह घटना भी 28 फरवरी की है, जो 1 मार्च को मामला दर्ज किया गया।  खाली प्लॉट में छोड़कर गांव चला गया बाइक मालिक। भदेसर निवासी जगदीश रेबारी ने बताया कि वह चित्तौड़गढ़ अपने बाइक पर ही आए थे। जाने से पहले एक शादी के प्रोग्राम को अटेंड करने गए। उन्होंने बताया कि सदर थाना क्षेत्र के में स्थित योगेश नटराज के मकान के पास खाली प्लॉट एवीएस शोरूम के पीछे बाइक खड़ी कर अपने गांव भी चले गए थे। दूसरे दिन जब गांव से वापस आए तो बाइक वहां पर नहीं मिली। बता दें कि जिले में लगातार बाइक चोरी की घटना घट रही है। बैंक, आफिस, थाने, बाजार सहित घरों के बाहर खड़ी बाइक भी सुरक्षित नहीं है। आए दिन बाइक चोर घटना को अंजाम दे रहे हैं। बार-बार हो रही घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में भारी रोष है। वहीं, लोग इन घटनाओं को जानते हुए भी काफी लापरवाही बरत रहे है। पुलिस की कार्रवाई भी सिर्फ FIR दर्ज करने तक ही सीमित रह गई है। अभी तक बाइक चोरों के गिरोह तक पहुंच नहीं पाए।