दौसा पुलिस की थाना पापड़दा इलाके में बड़ी कार्रवाई, गेहूं की आड़ में गांजे की खेती पकड़ी, 188 किलो 400 ग्राम वजनी गांजे के 2060 पौधे बरामद।

रिपोर्टर रामेश्वर लाल जाट।

करीब एक करोड़ रुपए आंकी गई है कीमत। 

जयपुर। दौसा जिला पुलिस अधीक्षक रंजीता शर्मा के नेतृत्व में गठित की गई थाना राहुवास व पापड़दा पुलिस की टीम ने थाना पापड़दा इलाके में बड़ी कार्रवाई कर एक खेत में गेहूं की आड़ में की जा रही गांजे की खेती का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से एक क्विंटल 88 किलो 400 ग्राम वजनी गांजे के 2060 पौधे बरामद किए हैं। जिनकी कुल कीमत करीब 1 करोड़ रुपए आंकी गई है।  एसपी रंजीता शर्मा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना पापड़दा के भक्तों की ढाणी तन बालावास में जगदीश मीणा पुत्र महादेव गेहूं की फसल की आड़ में गांजे की खेती कर रहा है। सूचना पर उनके निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल व सीओ चारुल गुप्ता के सुपरविजन में एसएचओ पापड़दा महावीर सिंह की टीम द्वारा शुक्रवार देर रात दबिश दी गई। मौके पर एसएचओ राहूवास रघुवीर सिंह राठौड़ भी मय जाब्ता के पहुंचे। आरोपी जगदीश मीणा ने अपने खेत में गांजे के पौधे लगा रखे थे। शनिवार दोपहर तक की गई कार्रवाई में पुलिस ने कुल 2060 हरे और सूखे पौधे बरामद करने में सफलता हासिल की। जिनका कुल वजन 1 क्विंटल 88 किलो 400 ग्राम पाया गया। मौके पर नायब तहसीलदार, हल्का पटवारी व गिरदावर भी आए। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।