कपड़ा फैक्ट्री में भीषण हादसा: धमाके से उड़े मजदूरों के चिथड़े, दो की मौत।

संपादक कालूराम कुमावत। बालोतरा जिले के औद्योगिक क्षेत्र थर्ड फेज में शुक्रवार दोपहर 2 बजे कपड़ा फैक्ट्री में भीषण हादसा हो गया। बॉयलर में प्रोसेस करने के दौरान दो मजदूरों के चिथड़े उड़ गए। धमाके से उड़े शरीर के अंग मलबे में मिले। इस घटना में दो मजदूरों की मौत हो गई वहीं, तीन घायल हैं। धमाका इतना भीषण था कि मलबे में एक मजदूर के शरीर के पार्ट अलग-अलग हिस्से में मिले। घायल मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है, एक मजदूर को जोधपुर रेफर किया गया है जबकि दो का इलाज बालोतरा हॉस्पिटल में चल रहा है। धमाके से फैक्ट्री का एक हिस्सा धराशायी हो गया। आसपास भीड़ उमड़ पड़ी। अन्य मजदूर हादसे की चपेट में आए सभी मजदूरों को निजी वाहन से बालोतरा के नाहटा हॉस्पिटल ले गए। जहां दो को मृत घोषित कर दिया गया। बालोतरा थाना इंचार्ज के मुताबिक, दोपहर 1 बजे मजदूर कपड़ा फैक्ट्री में बॉयलर में प्रोसेस कर रहे थे। अचानक बॉयलर का तापमान बढ़ने से धमाका हुआ। पास काम कर रहे दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अपनी जान गंवाने वालों में जवाहरलाल (21) और मेघाराम (52) बालोतरा निवासी बताए जा रहे हैं। घायल मजदूरों का नाम देवेंद्र (20), खेताराम (28), सवाई (23) है जिनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी जैसे ही मिली, बालोतरा एसडीएम राजेश कुमार और थाना इंचार्ज ओम प्रकाश गोदारा घटनास्थल पर पहुंचे। फिलहाल टीम इस मामले की जांच में जुटी है।