संपादक कालूराम कुमावत। 
इंदौर। लेवाली बढ़ने और बिकवाली कमजोर होने के कारण चने के दामों एक बार फिर तेजी का वातावरण बनने लगा है। पिछले तीन दिन में चना कांटा 300 रुपए तक उछल गया। शुक्रवार को इंदौर में चना कांटा बढ़कर 6400-6450, विशाल 6000-6300 और डंकी चना 5600-5800 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। यह लगातार दूसरा साल है, जब चने के भाव तेज बने हुए हैं। वहीं शुक्रवार को काबुली चने में भी करीब 200 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई। शकर के दामों में भी इस महीने करीब 250 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई है। तुवर दाल में ग्राहकी कमजोर रहने से तुवर दाल की कीमतों में करीब 200 रुपए तक गिरावट आई है। इधर, अमेरिकी अर्थव्यवस्था में नरमी के संकेत के कारण शुक्रवार को एशियाई बाजारों में सोने-चांदी की कीमतों में फिर से बढ़ोतरी देखने को मिली है, जिससे इंदौर में सोना केडबरी नकद में एक बार फिर 73 हजार के पार 73050 रुपए प्रति दस ग्राम पहुंच गया। वहीं लेवाली जोरदार रहने से चांदी चौरसा 200 रुपए बढ़कर 80500 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई।
















