संपादक कालूराम कुमावत। 
कोटा। शहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए पेपर लीक गिरोह का खुलासा किया है. साथ ही 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह सभी आरोपी कंप्यूटर हैक कर पेपर को सॉल्व कर देते थे। इसकी एवज में आरोपी लाखों रुपए अभ्यर्थियों से वसूलते थे। इसके लिए यह कंप्यूटर सिस्टम में रिमोट सिस्टम का एक्सेस डालते थे। इस मामले में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। कोटा सिटी एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि उन्हें 23 अप्रैल को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि राजरानी टावर आईटी पार्क के पास कुछ संदिग्ध लोग घूम रहे हैं. यह लोग पेपर लीक गिरोह के सदस्य हो सकते हैं. मौके पर जब पुलिस पहुंची तब एक कार में 6 लोग बैठे हुए मिले, जिनके पास कोस्ट गार्ड एनरोल्ड पर्सनल टेस्ट (CGEPT 02/2024) के एडमिट कार्ड और प्रश्न पत्र के साथ अन्य सामग्री थे. पूछताछ करने पर यह लोग संतुष्ट जवाब नहीं दे पाए. ऐसे में उनके खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया. इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला अनुसंधान नियति शर्मा को जांच सौंपी गई।
















