रिपोर्टर रामेश्वर लाल जाट। 
लोग कॉल करते हैं, तो आप रिसीव नहीं करते; बिजली कटौती करने पर लगाई फटकार
बांसवाड़ा में गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली विभाग ने अघोषित बिजली कटौती शुरू कर दी है। क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों में काफी रोष है। इसका असर शहरी के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखाई दे रहा है। मामले में गांवों से आए ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को लिखित और मौखिक शिकायतें दी हैं। शिकायतों को देखते हुए कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव ने बुधवार को डिस्कॉम के अधिकारियों की बैठक बुलाई और कटौती पर फटकार भी लगाई।
कलेक्टर ने कहा कि कटौती से लोग परेशान हो रहे हैं। आपको इसकी परवाह नहीं है क्या। जब जरूरत हो, तब कटौती करो। लेकिन पहले इसकी सूचना लोगों को देनी होगी। कलेक्टर ने कहा कि लोग कॉल करते हैं, तो कॉल रिसीव नहीं करते है। इसके लिए सभी JEN से लेकर SE तक को पाबंद किया कि आगे से ऐसी शिकायत आने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। साथ ही कहा कि गांवों में जाकर लोगों की समस्या सुने और उसका तत्काल समाधान भी करें। गौरतलब हैं कि यह कटौती पिछले कई महीनों से जारी हैं। लंबे समय तक सप्लाई बंद होने से लोगों के घरों में इन्वर्टर बंद हो रहे हैं। साथ ही कई गांवों में बिजली सप्लाई नहीं होने से पेयजल सप्लाई नहीं हो रही, जिसको फसलों को भी बड़ा नुकसान होने की संभावना बढ़ गई है।
















