मधुसूदन कुमावत।
कपासन। राजसमन्द जिले में सिन्देसर गांव से बनास नदी स्थित कपासन-धमाना फिडर को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी कपासन की ओर से मंगलवार को दिये गये ज्ञापन को भाजपा पदाधिकारियों एवं नेताओं ने इसे सस्ती लोकप्रियता प्राप्त करने की नोटंकी बताया है। भाजपा मण्डल अध्यक्ष पंकज सिरोया, ग्राम सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष नन्दकिशोर टेलर, मण्डल महामंत्री सोहन खटीक, अशोक विजयवर्गीय, गजेन्द्र बाघमार, नगरपालिका अध्यक्ष मंजुदेवी सोनी, एससी मोर्चा के जिला संयोजक भागीरथ चन्देल, किसान मोर्चा अध्यक्ष शम्भुलाल बागड़ा आदि ने संयुक्त बयान जारी कर बताया कि गत 5 वर्षों में राजस्थान में अशोक गहलोत मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार थी उस दौरान क्षेत्र के कांग्रेस के कतिपय नेताओं ने कपासन-धमाना फिडर को लेकर कोई सकारात्मक प्रयास नहीं किया तथा तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं जिले से कैबिनेट मंत्री उदयलाल आंजना आदि ने मातृकुण्डिया एवं कपासन नगर में दौरा कर इसके लिये विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डी.पी.आर.) तैयार करवाकर स्वीकृत कराने की घोषणा की थी। स्वयं मुख्यमंत्री ने अपनी खुद की घोषणा को मुर्त रूप नहीं दे पाये। और अब राज्य में भाजपा सरकार के गठन होने के बाद इस प्रकार के ज्ञापन देकर आमजन में सस्ती लोकप्रियता प्राप्त करने की नोटंकी कर रहे हैं। भाजपा नेताओं ने बताया कि दिसम्बर 2023 में राज्य में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने के बाद मात्र तीन माह में इसी वर्ष 8 मार्च को विधायक अर्जुनलाल जीनगर के प्रयासों से राज्य के जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत का क्षेत्र में दौरा करवाकर मातृकुण्डिया बांध, कपासन स्थित राजराजेश्वर तालाब एवं भोपालसागर तालाबों का नजदीकी से अवलोकन करवाकर विभागीय अधिकारियों को विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिये। मंत्री रावत के दौरे के तुरन्त बाद विभागीय अधिकारियों ने कपासन-धमाना एवं डिण्डोली फिडर पर पुलिया निर्माण, सफाई एवं मरम्मत आदि के लिये 25 करोड़ का प्रस्ताव बनाकर राज्य सरकार को भिजवाया जा चुका है। लेकिन मंत्री के दौरे के बाद 18 मार्च को लोकसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता लागु हो जाने के कारण यह 25 करोड़ का प्रस्ताव राज्य सरकार के पास स्वीकृति के लिये विचाराधीन है। पुर्व की कांग्रेस सरकार के समय क्षेत्रीय विधायक अर्जुनलाल जीनगर ने तत्कालीन जल संसाधन मंत्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीय से भी मिलकर इस फिडर के सम्बन्ध में चर्चा की थी। उल्लेखनीय है कि विधायक अर्जुनलाल जीनगर ने कपासन क्षेत्र में पानी की समस्या के स्थाई समाधान के लिये राजस्थान रिवर बेसिन फन्ट के मुख्य अभियन्ता विनोद चौधरी एवं उनके दल का 7 अप्रैल को दौरा करवाया जिसका भी विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन आगामी बजट में स्वीकृत करवाया जायेगा। इतना ही नहीं विधायक जीनगर ने तत्कालीन कांग्रेस सरकार के समय 17 अगस्त 2022 को रेलमंगरा उपखण्ड अधिकारी की उपस्थिति में उपखण्ड कार्यालय में फिडर क्षेत्र के किसानों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कपासन फिडर से पानी लाने के प्रयासों के क्रम में प्रभावित किसानों की हो रही फसल खराबे का अपने व्यक्तिगत ओर से मुआवजा देकर फिडर को खुलवाया लेकिन कतिपय कांग्रेस के नेताओं ने वहां फिडर पर जाकर केवल चाबी घुमाकर फिडर से कपासन पानी लाने का नाटक किया तथा झुठी वाहवाही लेने के लिये समाचार पत्रों में विज्ञापन भी जारी किये।
















