रिपोर्टर रामेश्वर लाल जाट।
राजस्थान। सीकर के पुरां छोटी में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। इस दौरान एक घर में लगा लैम्प भी हिलने लगा। राजस्थान में देर रात भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। शेखावाटी के सीकर जिले में शनिवार रात करीब 11 बजकर 47 मिनट पर अचानक भूकंप के झटके आने लगे। लोगों ने 10 सेकेंड तक भूकंप के इस कंपन को महसूस किया। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक रिएक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.9 नापी गई। भूकंप का केंद्र सीकर से 15 किलोमीटर दूर हर्ष पर्वत के नजदीक बताया जा रहा है। भूकंप का केंद्र करीब 5 किमी नीचे था। लोग घरों के बाहर निकले। रात में जब भूकंप आया तो ज्यादातर लोग अपने घरों में थे। तेज कंपन से लोग सहम गए और घरों के बाहर निकल गए। अब तक किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। सीकर के राधाकिशनपुरा निवासी सुनील ने बताया कि वह घर पर मोबाइल चला रहे थे। इस दौरान उन्हें लगा कि वीडियो से आवाज आ रही है। लेकिन, जब भूकंप का एहसास हुआ तो वे दौड़कर बाहर आए। सुनील ने बताया कि उन्होंने करीब 3 से 4 सेकेंड तक भूकंप के झटके महसूस हुए। फोटो सीकर शहर की एक दुकान का है। भूकंप से दुकान में लगा पंखा हिलने लग गया था। भूकंप क्यों आता है? हमारी धरती की सतह मुख्य तौर पर 7 बड़ी और कई छोटी-छोटी टेक्टोनिक प्लेट्स से मिलकर बनी है। ये प्लेट्स लगातार तैरती रहती हैं और कई बार आपस में टकरा जाती हैं। टकराने से कई बार प्लेट्स के कोने मुड़ जाते हैं और ज्यादा दबाव पड़ने पर ये प्लेट्स टूटने लगती हैं। ऐसे में नीचे से निकली ऊर्जा बाहर की ओर निकलने का रास्ता खोजती है और इस डिस्टर्बेंस के बाद भूकंप आता है।
















