संपादक कालूराम कुमावत।
खंडवा में पारिवारिक रंजिश में 23 वर्षीय शुभम खरटे की मौत हो गई। वह नरेंद्र सावनेर नाम के शख्स की हत्या करने पहुंचा था लेकिन संघर्ष में अपनी जान गवां बैठा।
शुभम ने पहला हमला करते हुए नरेंद्र की जांघ में चाकू घोंपा। चाकू का हैंडल शुभम के हाथ में रह गया। वह इसी से नरेंद्र पर वार करता रहा जबकि नरेंद्र के हाथ चाकू लग गया। उसने इसी चाकू से शुभम पर जवाबी वार किए।
पेट और शरीर के दूसरे हिस्से में चाकू लगने से शुभम की जिला अस्पताल लाते समय मौत हो गई। नरेंद्र भर्ती है। उस पर हत्या के आरोप में केस दर्ज किया गया है। घटना रविवार देर रात अनुपम नगर की है।
भाई की आत्महत्या का कारण मानता था
शुभम खरटे का चचेरा भाई योगेश और नरेंद्र सावनेर (50) के परिवार की एक युवती प्रेम प्रसंग के चलते घर से भाग गए थे। युवती घर लौट आई थी जबकि बीती 4 मार्च को योगेश ने इंदौर में फांसी लगा ली थी। वह इंदौर में ही प्राइवेट जॉब करता था।
शुभम, योगेश पर जान छिड़कता था। शुभम को लगता था कि नरेंद्र और उसके परिवार के टॉर्चर की वजह से योगेश ने सुसाइड किया है। इसके बाद से ही दोनों परिवार में ठनी हुई थी।
शुभम (लेफ्ट) और उसका चचेरा भाई योगेश (राइट)। 4 मार्च को योगेश ने फांसी लगा ली थी। शुभम इसका जिम्मेदार नरेंद्र और उसके परिवार को मानता था।
शुभम (लेफ्ट) और उसका चचेरा भाई योगेश (राइट)। 4 मार्च को योगेश ने फांसी लगा ली थी। शुभम इसका जिम्मेदार नरेंद्र और उसके परिवार को मानता था।
घर के बाहर बाइक पर बैठा था नरेंद्र, तभी किया हमला
शुभम पिता संजय खरटे खंडवा शहर के संजय नगर का रहने वाला था। रविवार रात उसने मोहल्ले में रहने वाले सौरभ को बाइक पर बैठाया। करीब 10 बजे दोनों अनुपम नगर पहुंचे। यहां लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में दिख रहा है कि नरेंद्र घर के बाहर बाइक पर बैठा था। शुभम बाइक से उतरा और नरेंद्र पर हमला कर दिया। शोर सुनकर नरेंद्र के परिवार के लोग आ गए। शुभम और सौरभ बाइक छोड़कर वहां से चले गए।
परिजन बोले- नरेंद्र के परिवार वालों ने प्लानिंग से मारा
शुभम के परिवार का आरोप है कि हत्याकांड में नरेंद्र ही नहीं, उसका परिवार भी शामिल है। उन्होंने अधूरा सीसीटीवी फुटेज वायरल किया है। उन्होंने शुभम को पूरी प्लानिंग कर बुलाया। इसके बाद उसकी हत्या कर दी।
इकलौता बेटा था शुभम, मोबाइल कंपनी में काम करता था
शुभम परिवार का इकलौता बेटा था। वह खंडवा में ही एक मोबाइल सर्विस कंपनी में जॉब करता था। परिवार में माता-पिता और एक छोटी बहन है। इस वारदात के बाद दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में जिला अस्पताल पहुंचे।
मर्डर होने की खबर लगने पर एएसपी महेंद्र तारणेकर, सीएसपी अरविंद तोमर, टीआई अशोक चौहान, दिलीप देवड़ा सहित पुलिस बल तैनात हो गया। शुभम की मौत डिक्लेयर करने से पहले अफसरों ने भीड़ को बाहर किया। इसके बाद परिजन को बताया।
पुलिस बोली- दो टुकड़ों में चाकू बरामद, शुभम ने हमला किया
पदमनगर टीआई अशोक सिंह चौहान ने बताया, ‘सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, वह पूरी घटना बयां कर रहा है। शुभम खुद नरेंद्र के पास पहुंचा। बाइक से उतरते ही उसने नरेंद्र पर हमला कर दिया। इसी दौरान वह खुद भी घायल हो गया। पुलिस ने चाकू दो टुकड़ों में बरामद किया है।
















