संपादक कालूराम कुमावत।
लव मैरिज के बाद पत्नी को मायकेवाले ले गए तो युवक ने उसके दुपट्टे का फंदा बनाकर जान देने की कोशिश की। बहन ने पैर के नीचे कंधा लगाकर युवक की जान बचाई। मां के साथ अस्पताल लेकर पहुंची। गले की नस चोक होने से वह कोमा में चला गया। दो दिन से आईसीयू में भर्ती है। युवक की मां मायकेवालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने थानों के चक्कर लगा रही है। युवक खंडवा का रहने वाला है जबकि युवती रतलाम की। 7 मई को दोनों ने खंडवा शहर के माता चौकी स्थित एक मंदिर में सात फेरे लिए थे। कोर्ट मैरिज भी की थी। मायकेवालों की शिकायत पर दंपति को रतलाम पुलिस ने बयान के लिए थाने बुलाया। यहां उन्हें एक-दूसरे से जुदा होना पड़ा। रेस्टोरेंट में मिले, चैटिंग से गहराया प्यार। खंडवा निवासी श्याम धारे (20) सालभर पहले रतलाम में किसी रेस्टोरेंट पर काम करता था। वहीं पढ़ाई करने वाली एक युवती रेस्टोरेंट में आती थी। दोनों आपस में बात करने लगे। चैटिंग करते-करते प्यार हो गया। श्याम खंडवा लौट आया। यहां दूध डेयरी पर काम करने लगा लेकिन युवती से बातचीत होती रही। मई में वो रतलाम गया और युवती को लेकर खंडवा आ गया। यहां दोनों ने मंदिर और कोर्ट में शादी कर ली। खंडवा के श्याम धारे और रतलाम की युवती ने मंदिर में 7 मई को शादी की थी। मां बोली- पुलिस ने धमकाकर थाने से भगा दिया। श्याम की मां लता धारे ने दैनिक भास्कर को बताया, ‘शादी के बाद बहू एक महीने तक हमारे साथ रही। 11 जून को खंडवा के मोघट रोड थाने से सूचना मिली कि रतलाम की माणक चौक थाना पुलिस ने बयान के लिए बुलाया है। एक बार बहू को वहां लेकर जाना पड़ेगा। इस पर मैं, बहू, बेटा और उसका दोस्त 12 जून को रतलाम गए। वहां पुलिस ने बहू के बयान लिए। बहू ने कहा कि उसने राजी-खुशी से श्याम के साथ शादी की है। अब उसी के साथ रहेगी। बहू के मायके वालों ने हाथ-पैर जोड़ना शुरू कर दिए। वे रोने लगे। मां और पिता ने बेहोश होने की नौटंकी की। बहू के सामने इमोशन क्रिएट किए। कहा- तुम घर चलो वरना तुम्हारे पति को मार डालेंगे। पुलिस ने बेटे और उसके दोस्त को धमकाया कि वापस चले जाओ। हमें थाने से भगा दिया। वे लोग बहू को अपने साथ ले गए। बयान होने के बाद एक दिन के लिए श्याम रतलाम में ही रुक गया था। 14 जून को दोपहर बाद वो रतलाम से खंडवा के लिए निकला। 15 जून को सुबह खंडवा पहुंचा। यहां घर आया। मुझसे और बहन से बातचीत की, फिर सोने का कहकर अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद बहन पानी लेने के लिए कमरे की तरफ गई तो भाई को फांसी पर लटका देखा। बेटी ने उसके दोनों पैर अपने कंधों पर रख लिए और मुझे आवाज लगाई। इसके बाद हम उसे जिला अस्पताल लाए। श्याम खंडवा जिला अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती है। गले की नस चोक होने से वह कोमा में चला गया है। श्याम खंडवा जिला अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती है। गले की नस चोक होने से वह कोमा में चला गया है। पहले जोर के झटके आए, फिर कोमा में चला गया। श्याम के दोस्त किशन पाटीदार ने बताया, ‘जिला अस्पताल में इलाज के दौरान श्याम को झटके आने लगे। सीटी स्कैन के लिए ले गए तो वहां भी सिर को मशीन पर पटक दिया। डॉक्टरों ने आईसीयू वार्ड में ऑक्सीजन सपोर्ट दिया। बताया है कि फांसी लगने से उसके गले की नस चोक हो गई है। अब वो कुछ समय तक कोमा में ही रहेगा। हालांकि, उसकी हालत में पहले से हल्का सुधार हुआ है। मां ने की शिकायत, टीआई बोले-कार्रवाई संभव नहीं। श्याम की मां ने मोघट रोड थाने में शिकायत की है। कहा है कि बहू के घरवालों ने बेटे को डराया-धमकाया। इसी वजह से उसने आत्महत्या करने की कोशिश की। उन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। टीआई संजय पाठक का कहना है कि इस केस में कोई कार्रवाई होना असंभव है। लड़की के परिवार वालों ने युवक को आत्महत्या के लिए प्रेरित नहीं किया। वो लड़की के दूर होने का गम सहन नहीं कर पाया और उसने ऐसा कदम उठा लिया। रतलाम पुलिस बोली-धमकाने का आरोप निराधार। रतलाम के माणक चौक थाने के टीआई रणजीत सिंगार का कहना है कि युवती ने पति की बजाय परिवार वालों के साथ रहने की बात कही थी। हमारे पास बयान की वीडियोग्राफी भी है। डराने, धमकाने या दबाव बनाने जैसे आरोप निराधार हैं।
















