स्कूल के हॉल की छत गिरी, रात को हुआ हादसा, बड़ी अनहोनी होने से टली, प्रिंसिपल ने की मरम्मत की मांग।

रिपोर्टर रामेश्वर लाल जाट। 

करौली के वजीरपुर गेट के पास राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल में एक हाल की छत की पट्टियां टूट गई। गनीमत ये रही की हादसा रात को हुआ, उस समय स्कूल में कोई नहीं था। घटना की जानकारी आसपास रहने वाले लोगों ने स्कूल स्टाफ को दी है। सूचना पर स्कूल प्रिंसिपल सहित अन्य टीचर स्कूल पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। साथ ही घटनाक्रम से शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया है। पट्टीयां टूटने से हॉल में रखा फर्नीचर और अलमारी क्षतिग्रस्त हो गई। स्कूल प्रिंसिपल सावित्रीबाई मीणा ने बताया कि पड़ोसियों ने रात 12 बजे के लगभग दुर्घटना की सूचना दी। पड़ोसियों ने बताया कि रात 10 बजे एक तेज आवाज आई। बाद में एक बार फिर 12 के आसपास जोरदार आवाज के साथ पत्थर गिरने लगे। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर आकर देखा तो एक हाल की कई पट्टियां टूट कर गिर गई। उन्होंने बताया कि स्कूल की इमारत रियासत कालीन है और लंबे समय से उपयोग आ रहा है। क्षतिग्रस्त कमरा कार्यालय के पिछले भाग में स्थित है और जर्जर होने के कारण शिक्षक काफी समय से सावधानियां बरत रहे थे। जिसके चलते किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि स्कूल का बी-ब्लॉक रियासत कालीन होने के कारण जर्जर है। उन्होंने स्कूल भवन की मरम्मत कराने की भी मांग की है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना वाले हाल में फिलहाल छात्राओं को नहीं बिठाया जाता था। राजकीय उच्च माध्यमिक बालिका स्कूल में पहली से 12वीं कक्षा तक की 600 से अधिक छात्राएं अध्यनरत है।