रिपोर्टर रामेश्वर लाल जाट।
बीकानेर श्रीडूंगरगढ़ में छोटे भाइयों को स्कूल से लेने जा रही 15 साल की नाबालिग लड़की को फाइनेंस कंपनी में काम करने वाले दो बदमाश दिन-दहाड़े उठा ले गए और सुनसान जगह पर दुष्कर्म किया। दोनों आरोपियों को राउंडअप कर लिया गया है।श्रीडूंगरगढ़ निवासी 15 साल की नाबालिग लड़की बुधवार को दिन में अपने छोटे भाइयों को लेने स्कूल जा रही थी। इस दौरान फाइनेंस कंपनी में रिकवरी का काम करने वाले चूरू में ऊठवालिया गांव निवासी उदयसिंह और नागौर के डीडवाना में मोलासर गांव निवासी सुदेश स्वामी ने उसे रास्ते में रोक लिया। दोनों बदमाशों ने लड़की के मुंह पर हाथ रखा और उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर कालू रोड पर श्मशान भूमि के पास सुनसान जगह पर ले गए। वहां लड़की ने शोर मचाया तो उसे और परिवार को जान से मारने की धमकी दी और उदयसिंह ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
वारदात के समय सुदेश पास में बैठकर निगरानी कर रहा था। लड़की 1.20 बजे तक घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। परिजन और ग्रामीण श्मशान के पास पहुंचे तो उन्हें देखकर दोनों आरोपी भागने लगे। सुदेश को मौके पर पकड़ लिया गया और उदयसिंह बाइक लेकर फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया। श्रीडूंगरगढ़ एसएचओ इन्द्रकुमार ने बताया कि आरोपियों को राउंडअप कर लिया है। पीड़िता के चाचा की ओर से पुलिस को रिपोर्ट दी गई है जिस पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सीओ श्रीडूंगरगढ़ निकेत पारीक करेंगे। पीडि़ता का श्रीडूंगरगढ़ के अस्पताल में मेडिकल मुआयना करवाया गया है।
फाइनेंस कंपनी के वसूली एजेंटों ने वारदात को दिनदहाड़े दिया अंजाम।
दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी मुंबई की फाइनेंस कंपनी के लिए काम करते हैं। आरोपी श्रीडूंगरगढ़ में ग्रामीणों से रिकवरी के लिए आते थे। इसलिए फाइनेंस कंपनी से जुड़े ग्रामीणों के घर-पते से वाकिफ थे। आरोपी चूरू निवासी उदयसिंह और डीडवाना निवासी सुदेश की नाबालिग लड़की पर बुरी नजर थी। बुधवार को दोनों ने मौका देखकर लड़की को रास्ते में रोक लिया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
















